शालीमार बाग इलाके में लूटपाट का विरोध करने पर एक शख्स की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। शनिवार देर रात को पीड़ित रिंग रोड बादली मोड़ बस स्टैंड के पास घायल अवस्था में मिला था। पुलिस ने उसे बाबू जगजीवन राम अस्पताल लेकर गई, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए रविवार को एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से पुलिस ने मृतक के कागजात, फैमली फोटो और वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है। पुलिस फरार एक अन्य आरोपी की तलाश कर रही है।
जिला पुलिस उपायुक्त उषा रंगनानी ने बताया कि मृतक की शिनाख्त मोहन गार्डन निवासी गजेंद्र सिंह के रूप में हुई। वह बवाना स्थित एक प्रिटिंग प्रेस में काम करता था। शनिवार देर रात पुलिस ने गजेंद्र को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया था। अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। उसकी जांघ पर चाकू के गहरे निशान थे।
पुलिस ने मौका मुआयना किया लेकिन पुलिस को वहां कोई चश्मदीद नहीं मिला। जिले के स्पेशल स्टाफ को जांच से जोड़ा गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आस पास के सीसीटीवी कैमरे को खंगाला। बादली गांव के पास लगे सीसीटीवी में दो संदिग्ध दिखे। पुलिस स्थानीय स्तर पर उनकी पहचान करने में जुट गई। पुलिस ने रविवार को बीजी ब्लॉक शालीमार बाग से आरोपी बाबूल(22) को गिरफ्तार कर लिया।
उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह अपने एक आवारागर्द साथी के साथ बस स्टैंड के पास घूम रहा था। इसी दौरान उनकी नजर बस का इंतजार कर रहे गजेंद्र पर पड़ी। उन लोगों ने उससे बैग छीनने की कोशिश की जिसका विरोध करने पर उन लोगों ने उसकी जांघ में चाकू गोदकर बैग लेकर फरार हो गए। साहीपुर के पार्क में बैग की तलाशी ली और सारे कागजात वहां फेंककर मोबाइल लेकर फरार हो गए। पकड़े गए बदमाश और फरार साथी पर पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं।