केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी
- फोटो : एएनआई (फाइल)
एमसीडी चुनाव की आहट पड़ने के साथ परियोजनाओं के उद्घाटन का सिलसिला तेज हो गया है। चुनाव की अधिसूचना आने के पूर्व राजनीतिक पार्टियां वार्ड, मंडल, जिला, विधानसभा क्षेत्र में चल रहे कामों का शुभारंभ कर रही हैं। राजनीतिक पार्टियों में इसे लेकर होड़ लगी हुई है। अधिसूचना जारी होने के बाद इस तरह की गतिविधियों पर रोक लग जाती है, लिहाजा राजनीतिक दल अधूरे काम की शुरुआत भी कर रहे हैं।
राजनीतिक पार्टियों ने कई क्षेत्रों में योजनाओं की शुरुआत मंगलवार को की। केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने जहां रोहिणी में डीडीए द्वारा विकसित तीन बहुउद्देशीय सामुदायिक भवनों का एक साथ उद्धघाटन किया तो केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह को नासिरपुर सागरपुर में इंद्रप्रस्थ पार्क का उद्घाटन किया। इसी तरह पूर्व मेयर जय प्रकाश ने सदर बाजार क्षेत्र में घर-घर से कूड़ा संग्रहण व प्रबंध परियोजना का शुभारंभ किया। उधर, आम आदमी पार्टी पिछले दो दिनों से सड़क, यूजीआर, सीवर समेत कई योजनाओं का उद्घाटन करते दिखी। मलिकपुर झुग्गी तक पानी पहुंचाने के लिए पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू किया गया तो मुखर्जी नगर स्थित डीडीए के सिग्नेचर व्यू अपार्टमेंट में बैडमिंटन कोर्ट का उद्घाटन किया गया। गोमती पार्क में बने नाले व परमानंद कॉलोनी में सीवर लाइन के नवीनीकरण के काम का उद्घाटन किया।
हरदीप सिंह पुरी ने रोहिणी विधानसभा क्षेत्र में दिल्ली विकास प्राधिकरण द्वारा रोहिणी सेक्टर-15, सेक्टर-7 व सेक्टर- 8 में नवनिर्मित बहुउद्देशीय सामुदायिक भवनों का उद्धघाटन किया। इस मौके पर पुरी ने कहा कि पिछली सरकारों में विकास कार्यों की गति अत्याधिक धीमी रहती थी। उद्धघाटन समारोह की अध्यक्षता भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता ने की। पूर्व मेयर जयप्रकाश ने कूड़ा संग्रहण व प्रबंध परियोजना के शुरू करने के मौके पर कहा कि गीला व सूखा कूड़ा एकत्रित करने के लिए 20 ऑटो टिप्परों को उतारा गया है। नागरिकों को गीला कूड़ा व सूखा कूड़ा अलग-अलग करने व उसके फायदों के बारे में जागरूक किया गया। एक जागरूकता रैली भी निकाली गई।