पश्चिम दिल्ली के तिलक नगर इलाके में रुपयों के लेनदेन में एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त रणजीत (28) के रूप में हुई। 10 अप्रैल को हुई इस वारदात को सुलझाते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान भोलू, गोलू, सौरभ और टिंकू व संजय के रूप में हुई है। भोलू, गोलू व सौरभ सगे भाई हैं जबकि अन्य इनके चचेरे भाई हैं।
पुलिस के मुताबिक रणजीत परिवार के साथ रघुबीर नगर इलाके में रहता था। परिवार में पिता रणवीर सिंह, एक भाई व अन्य सदस्य हैं। रणजीत एक फैक्टरी में काम करता था। दस अप्रेल की देर रात परिवार को सूचना मिली कि घर के पास ही कुछ लड़के रणजीत को पीट रहे हैं। परिवार के लोग वहां पहुंचे तो रणजीत खून से लथपथ वहां मिला। उसे ऑटो में डालकर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की, जिसके बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।