पकड़े गए आरोपियों की पहचान किंगपिन मिसीओली, एटा, यूपी निवासी शेर मोहम्मद (25), इरफान मलिक (18), फिरोज (22), अविनाश (18), गांव रसकावा, हाथरस निवासी करण सिंह (21), सोरतगढ़, सिद्धार्थ नगर निवासी अनिल गुप्ता (22) और गांव मोतीगंज, गोंडा निवासी रवि (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 77.2 किलोग्राम पटाखे बरामद किए हैं।
पूछताछ के दौरान शेर मोहम्मद ने बताया कि पिछले साल दिवाली पर उसने पटाखे बेचने के लिए खरीदे थे। दिल्ली में बेचने का प्लान था। लेकिन वह कामयाब नहीं हो पाया। इस बार उसकी एक पार्टी से बात हुई थी। सुबह के समय चुपचाप पुलिस से बचकर पटाखे बेचने का प्रयास किया जा रहा था। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर इस बात का पता करने का प्रयास कर रही है कि आरोपी किसे पटाखे बेचने जा रहे थे।
उत्तर-जिला पुलिस उपायुक्त सागर सिंह कलसी ने बताया कि पटाखों पर प्रतिबंध के बाद से ही पुलिस पूरे उत्तरी जिला में कड़ी नजर रखे हुए है। इसी कड़ी में सोमवार सुबह करीब 7.45 बजे पुलिस की टीम ने छानबीन शुरू की। सदर बाजार थाना प्रभारी केएल यादव व अन्यों की टीम वहां पहुंच गई। शक के आधार पर छह-सात युवकों को जांच के लिए रोका गया। इस दौरान उनके बैग में भारी मात्रा में पटाखे बरामद हुए।