उधर, दिल्ली की उच्च शिक्षा मंत्री आतिशी ने प्रेसवार्ता कर एलजी विनय सक्सेना से सवाल करते हुए कहा कि एलजी अरविंद केजरीवाल के काम का क्रेडिट लेने के लिए क्यों पीछे पड़े हुए है? जब आईपी यूनिवर्सिटी एक स्टेट यूनिवर्सिटी है। इसके ईस्ट कैंपस का पूरा निर्माण और कोर्स को दिल्ली सरकार ने डिजाइन किया है तो एलजी इसका उद्घाटन करने क्यों पहुंच गए? एलजी ने यूनिवर्सिटी और उच्च शिक्षा विभाग पर क्यों दबाव बनाया कि यदि उनसे आईपी यूनिवर्सिटी के ईस्ट कैंपस का उद्घाटन नहीं करवाया गया तो अफसरों को सस्पेंड कर देंगे?
उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि ये जोर जबरदस्ती एलजी साहब क्यों कर रहे है? क्या एलजी साहब को यह नहीं पता है कि शिक्षा एक हस्तांतरित विषय है? क्या उन्हें नहीं पता है कि उच्च शिक्षा दिल्ली की चुनी हुई सरकार की जिम्मेदारी है? उन्होंने एलजी से पूछा कि उन्हें इस पद पर आए हुए 8-10 महीने हुए हैं और केजरीवाल सरकार पिछले 8 साल से काम कर रही है। फिर भी आप कूद-कूदकर उस काम का क्रेडिट लेने और फोटो खिंचवाने की होड़ में क्यों लगे रहते है?
उन्होंने कहा कि आज एलजी साहब ने पूरी दुनिया को यह बता दिया है कि पीएम मोदी के पास अपनी ऐसी कोई भी यूनिवर्सिटी नहीं है, जिस पर वो अपनी फोटो लगा सकें। ऐसा कोई उच्च शिक्षा संसथान नहीं है, जिसको वो सीना ठोककर गर्व से दुनिया को बता सकें कि यह हमने बनवाया है। इसलिए आज एलजी साहब को अरविंद केजरीवाल की यूनिवर्सिटी पर पीएम मोदी की फोटो लगानी पड़ी है। उन्होंने कहा कि इससे देश के सामने स्पष्ट हो गया है कि काम तो सिर्फ अरविंद केजरीवाल ही करते है और पीएम मोदी को भी आखिरकार केजरीवाल के ही काम पर अपनी फोटो लगाकर क्रेडिट लेना पड़ता है।
उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि दिल्ली की नागरिक होने के नाते मेरा एलजी साहब से निवेदन है कि ये देश और शहर संविधान से चलता है और उसी संविधान ने कुछ जिम्मेदारी दिल्ली की चुनी हुई सरकार को दी और कुछ जिम्मेदारी आपको दी है, लेकिन जबसे आप एलजी बने हैं आप कूद-कूद कर अरविंद केजरीवाल के काम के सामने आकर फोटो खिंचवाने में व्यस्त हैं। संविधान ने आपको लैंड, लॉ एंड आर्डर और पुलिस की जो जिम्मेदारी दी है। उस पर आप एक मिनट भी नहीं बिताते हैं। यही कारण है कि आज दिल्ली में कोई भी महिला अंधेरा होने के बाद घर के बाहर नहीं निकल सकती है।
उन्होंने कहा कि अभी हमने देखा कि किस तरह साक्षी की दिनदहाड़े हत्या होती है। किस तरह एक लड़की को कई किलोमीटर तक घसीटकर ले जाया गया और पुलिस ने कुछ नहीं किया। महिलाओं के साथ बलात्कार हो रहा है, हिंसा हो रही है, उनका कत्ल हो रहा है और एलजी अरविंद केजरीवाल के काम के सामने खड़े होकर फोटो खिंचवाने में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि आप एक संवैधानिक पद पर बैठे हैं, उसकी गरिमा बनाए रखें और महिलाओं को सुरक्षा दें, दिल्ली के लोगों को सुरक्षा दें, हिंसा-दुष्कर्म और कत्ल की घटनाएं रोकें।