मुंडका थाना इलाके के टीकरी कलां पीवीसी मार्केट में रविवार रात अचानक भीषण आग लग गई। आग मार्केट के एक बड़े प्लॉट में खुले गोदाम में रखे प्लास्टिक के ढेर में लगी। आग लगते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद कुछ लोगों ने आग बुझाने की कोशिश करने लगे, लेकिन आग के तेजी से फैलने से सभी दूर चले गए। सूचना मिलते ही दमकल की गाडिय़ां मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। आग की भयावहता को देखते हुए मौके पर 35 गाडिय़ां बुला ली गई है। आग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। खबर लिखे जाने तक आग बुझाने का काम चल रहा है।
दमकल अधिकारियों के मुताबिक पौने नौ बजे रात में दमकल विभाग को पीवीसी मार्केट में आग लगने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पास के फायर स्टेशन से गाडिय़ों को मौके पर भेजा गया। दमकल अधिकारियों ने आग की भयावहता को देखते हुए 35 गाडिय़ों को मौके पर बुला लिया। करीब सौ से अधिक दमकल कर्मी आग बुझाने में जुट गए हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगते ही यहां अफरा-तफरी मच गई। लोग खुद को बचाने के लिए इधर उधर भागने लगे। कुछ लोग अपने गोदाम में पानी फेंककर आग बुझाने की कोशिश करने लगे। लेकिन आग की भयावहता को देखकर सभी वहां से दूर चले गए। शुरूआती जांच से पता चला है कि खुले में बने एक गोदाम से आग की शुरूआत हुई और देखते ही देखते अन्य गोदामों में फैल गई। दमकल विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि बताया कि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। खुले में आग लगने की वजह से सभी वहां से दूर चले गए थे। देर तक आग बुझाने का काम चलता रहा।