सफदरजंग अस्पताल के सामने खाना नहीं देने पर एक युवक को गोली मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी युवक खाने में पराठा मांग रहे थे। समय ज्यादा होने पर ढ़ाबे मालिक ने पराठा देने से मना कर दिया। पीसीआर के मौके पर से हट जाने से आरोपी युवकों ने रविवार तड़के वारदात को अंजाम दिया। मौके पर कई राउंड गोली चलाने की बात कही जा रही है। सूचना मिलते ही दक्षिण-पश्चिमी जिला डीसीपी गौरव शर्मा समेत आला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे।
दक्षिण-पश्चिमी जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ये घटना रविवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे हुई। सफदरजंग अस्पताल के गेट नंबर-छह के सामने जय साई चौधरी खाने का छोटा से ढ़ाबा लगाता है। यहां पर रात करीब साढ़े तीन बजे चार-पांच युवक आए और खाने के लिए पराठा मांगने लगे। ढ़ाबे पर काम करने वाले रामकिशन(29) ने समय ज्यादा होने की बात कहकर पराठा देने से मना कर दिया। इस पर आरोपी युवक झगड़ा करने लगे। दोनों पक्षों में बहस व झगड़ा होने लग गया। रामकिशन पास में खड़ी पीसीआर वैन से पुलिसकर्मियों को बुला लाया।
पीसीआर में तैनात पुलिसकर्मियों ने युवक को देर रात तक घूमने की वजह पूछने व तलाशी लेने की बजाय समझा-बुझाकर भेज दिया। रविवार तड़के साढ़े चार बजे पीसीआर अस्पताल के सामने से चली गई। इसके बाद ये युवक फिर आए और रामकिशन को पूछने लगे। आरोपी युवकों में से एक युवक ने रामकिशन को देखते ही उसे गोली मार दी। गोली रामकिशन की जांघ में लगी। गोली रामकिशन की जांघ में से आर-पार हो गई। उसे सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। आरोपी ने मौके पर कई राउंड गोलियां चलाईं।