नेशनल कांफ्रेंस के नेता एवं पूर्व एमएलसी टीएस वजीर हत्याकांड का मुख्य आरोपी हरमीत सिंह सांबा से पकड़ा गया है। पूछताछ के लिए पुलिस उसे दिल्ली ले गई है। हरमीत सिंह ने ही वजीर के सिर में गोली मारकर हत्या की है। हालांकि अभी इस हमले की पूरी साजिश रचने वाला मास्टर मांइड हरप्रीत सिंह गिरफ्त से बाहर है। दो आरोपी राजिंदर चौधरी उर्फ राजू गंजा और बलवीर सिंह उर्फ बिल्ला पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। हरमीत के पकड़े जाने की अभी तक कोई अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस एक सप्ताह से जम्मू की अलग-अलग जगहों पर छापे मार रही थी। बताया जा रहा है कि हरमीत के पकड़े जाने से इस मामले की गुत्थी काफी हद तक सुलझ सकती है, क्योंकि जिन दो आरोपियों को पहले पकड़ा गया था, वे कह चुके हैं कि वजीर को हरमीत ने गोली मारी थी।