बांदा जिले के बबेरू में पिता ने पुत्री की डंडे से पीटकर रविवार की शाम हत्या कर दी। ग्रामीणों के आने पर आरोपी पिता भाग निकला। डॉक्टर द्वारा मौत की पुष्टि के बाद पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। सीओ का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है।
घटना बबेरू कोतवाली क्षेत्र में सिमौनी गांव में गड़रा नदी के पास हुई। तिंदवारी क्षेत्र के जमुवां गांव निवासी महमूद खां अपनी पुत्री हसीन उर्फ हुस्न बानो (22) को लेकर रविवार की शाम बबेरू आ रहा था। सिमौनी गांव के नजदीक महमूद ने हुस्न बानो को पीटना शुरू कर दिया।
नजदीक में पड़े डंडे की पिटाई से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। आसपास खेतों में मौजूद ग्रामीणों ने ललकारा तो आरोपी पिता भाग गया। बुरी तरह घायल हुस्न बानो को बबेरू सीएचसी पहुंचाया। यहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।