गमछा देने से मना करने पर युवक की चाकू गोदकर हत्या करने की गुत्थी को शास्त्री पार्क थाना पुलिस ने आखिरकार एक माह बाद सुलझा लिया। सैकड़ों सीसीटीवी कैमरे की फुटेज और करीब 350 लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी नाबालिग लड़के को विकासपुरी इलाके से दबोचा।
वारदात वाले दिन वह भी यमुना घाट पर मूर्ति विसर्जन के लिए आया हुआ था। नशे की हालत में आरोपी ने रमजानी (18) नामक युवक को चाकू मार दिया था। बाद में वह अपने ग्रुप के साथ फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात वाले दिन पहने हुए कपड़े भी बरामद कर लिया है। पुलिस आरोपी नाबालिग से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त संजय कुमार सैन ने बताया कि छह फरवरी को शास्त्री पार्क थाना पुलिस को भगवान महावीर अस्पताल, पीतमपुरा से एक युवक की हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस की टीम वहां पहुंची तो अस्पताल में रमजानी (18) मृत मिला।
बुजुर्ग की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या
समयपुर बादली इलाके में एक बुजुर्ग की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। बुजुर्ग का शव झुग्गी से मिला है। वह अपने परिवार से अलग हता था। पुलिस अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक की शिनाख्त मूलरूप से अलीगढ़, यूपी निवासी रामबीर सिंह के रूप में हुई है। वह कबाड़ का काम करता था। उसकी पत्नी कविता दो बेटे सौरभ और
प्रीतम के साथ जहांगीरपुरी में रहती है।
गवाह को धमकाने के लिए बेटे को गोली मारी
न्यू उस्मानपुर इलाके में एक केस के गवाह को धमकाने के लिए बदमाशों ने उसके बेटे को गोली मार दी। कंधे में गोली लगने के बाद राजीव उर्फ सोनू (34) को जग प्रवेश चंद अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे पहले जीटीबी बाद में आरएमएल अस्पताल रेफर कर दिया गया। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। परिवार का कहना है कि हत्या के प्रयास मामले में 4 मार्च को राजीव के पिता ओमकार को गवाही देने कोर्ट जाना था।