होडल थाना क्षेत्र में स्कूल जा रही नाबालिग छात्रा को युवक ने डरा-धमकाकर अपनी बाइक पर बिठा लिया और ओयो होटल में ले जाकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी छात्रा को स्कूल के पास छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पोस्को एक्ट की धारा सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह अपने घर से स्कूल जा रही 10वीं की नाबालिग छात्रा को बाइक सवार युवक डरा-धमकाकर जबरन अपनी बाइक पर बिठाकर ले गया। जब छात्रा स्कूल नहीं पहुंची तो अध्यापक ने छात्रा के स्कूल नहीं आने के बारे में परिजनों को फोन पर सूचना दी। छात्रा के लापता होने की सूचना लेकर परिजन पुलिस के पास पहुंच गए, लेकिन कुछ देर बाद आरोपी युवक नाबालिग छात्रा को स्कूल के पास छोड़कर फरार हो गया।
छात्रा ने बताया कि आरोपी सोनू उसे डरा-धमकाकर अपनी बाइक पर बिठाकर ले गया और उसके साथ ओयो होटल में दुष्कर्म किया। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ पोस्को एक्ट की धारा सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताया गया है।