अप्रैल ने अपनी विदाई के साथ भीषण गर्मी और लू का रिकॉर्ड बना दिया है। शुक्रवार को इस माह का औसतन अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 72 साल में दूसरी बार सर्वाधिक रहा। इससे पहले 1951 से 2022 के बीच साल 2010 में औसत अधिकतम पारा 40.4 डिग्री रहा था। वहीं, औसत न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री रहा, जबकि 2018 में यह 22.3 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि अगले तीन दिन तक भीषण गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 21 अप्रैल को अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रहा था। शेष दिनों में पारा सामान्य से अधिक रिकॉर्ड किया गया था। वहीं, शुक्रवार तक लू वाले 10 दिन दर्ज किए गए हैं। इससे पहले 2010 में लू के 11 दिनों का रिकॉर्ड है। अब तक अप्रैल में सबसे अधिक 2010 में 43.7 डिग्री सेल्सियस पारा पहुंचा था। 29 अप्रैल 1941 को 45.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम पारा पहुंचने का रिकॉर्ड है।