दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार मूलरूप से बरेली, यूपी निवासी चंद्रेश कुमार (31) फतेहपुरबेरी इलाके में किराए पर रहता है। चंद्रेश ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि 17 जून को वह मोबाइल पर बात करते हुए अपने घर की तरफ पैदल जा रहा था। तभी बाइक सवार दो लोग आए और उसके सामने बाइक रोक दी।
बाइक सवार बदमाशों ने चंद्रेश का मोबाइल छीनने की कोशिश की। चंद्रेश ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। पीड़ित ने मोबाइल नहीं छोड़ा तो आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और करीब 500 मीटर तक घसीटते हुए ले गए। घायल होने के बाद चंद्रेश ने मोबाइल छोड़ दिया और आरोपी मोबाइल लेकर फरार हो गए।