- सीबीएसई 12वीं गणित के पेपर में एनसीईआरटी पाठ्यक्रम से ही पूछे गए सवाल
- बहुविकल्पीय प्रश्नों में कुछ उलझाऊ प्रश्नों को हल करना रहा चुनौतीपूर्ण
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की बारहवीं कक्षा का गणित विषय का प्रश्न पत्र सैंपल पेपर पर आधारित होने के कारण बच्चों के चेहरे से डर गायब हो गया। इस विषय का पेपर साइंस व कॉमर्स स्ट्रीम के छात्रों के लिए काफी अहम होता है।
शनिवार को बारहवीं का गणित विषय का पेपर हुआ। थोड़े आसान थोड़े मुश्किल पेपर ने बच्चों के दिल से गणित विषय का डर दूर कर दिया। प्रश्न पत्र एनसीईआरटी पाठ्यक्रम व सैंपल पेपर पर आधारित होने के कारण मध्यम स्तर का था। इस कारण छात्रों को प्रश्न पत्र हल करने में ज्यादा दिक्कत नहीं हुई। हालांकि, कुछ बहुविकल्पीय प्रश्न उलझाऊ होने के कारण हल करने में चुनौतीपूर्ण जरूर लगे। विषय विशेषज्ञों के अनुसार जिसने भी एनसीईआरटी की किताबों से पढ़ाई की होगी उसके लिए पेपर संतुलित था।
पीजीटी गणित के शिक्षक राजीव पाठक ने बताया कि प्रश्न पत्र का सेक्शन ए बहुविकल्पीय प्रश्नों वाला था, जिसमें अधिकतर सवाल आसान और सिंपल गणना पर आधारित थे। सेक्शन सी के प्रश्न मध्यम से औसत स्तर के थे। अधिकतर छात्रों को प्रश्न पत्र आसान लगा। प्रश्न पत्र के सभी सेट एक समान थे बस कुछ ही प्रश्न अलग थे।
एक छात्र ने बताया कि प्रश्न पत्र में कुछ भी पाठ्यक्रम से बाहर का नहीं था। कुछ उलझाऊ प्रश्नों को हल करने में अधिक समय लगने के कारण प्रश्न पत्र लंबा लगा। एक अन्य छात्र ने बताया कि बहुविकल्पीय वाले प्रश्नों में आसान और चुनौतीपूर्ण प्रश्नों का संतुलन था। जिन्होंने गणित का अभ्यास नहीं किया होगा, उनके लिए प्रश्न पत्र थोड़ा कठिन रहा होगा।