शिकायत मिलने पर साइबर सेल ने तुरंत मामला दर्ज कर थाना प्रभारी जितेंद्र जोशी के नेतृत्व में जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की इंस्टाग्राम प्रोफाइल का विवरण लिया। उसी के आधार पर प्रोफाइल के पंजीकरण में इस्तेमाल आईपी एड्रेस और ईमेल आईडी का पता लगाया। साथ ही पुलिस ने आईपी एड्रेस का तकनीकी विश्लेषण किया और इसके जरिए आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर और आईएमईआई नंबर का पता लगाया।
हरियाणा के पानीपत का रहने वाला है आरोपी
फोन के जरिए आरोपी की पहचान बलजीत नगर, पानीपत हरियाणा निवासी कपिल कुमार के रूप में हुई। पहचान होने के बाद पुलिस ने वहां छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कपिल ने पूछताछ में बताया कि वह इंस्टाग्राम पर लोकल सेलिब्रिटी के नाम से एक फर्जी प्रोफाइल बनकर शिकायतकर्ता का दोस्त बन गया। कुछ दिनों बाद दोनों के बीच चैट होने लगी। शिकायतकर्ता ने इस विश्वास से कि वह किसी महिला से बात कर रही है तो उसने अपना मोबाइल नंबर और अपनी कुछ फोटोग्राफ साझा कर दीं। बाद में शक होने पर शिकायतकर्ता ने उसे ब्लॉक कर दिया।
इसके बावजूद आरोपी ने शिकायतकर्ता से बात करने की कोशिश की। नाकाम होने पर उसने पहले शिकायतकर्ता की नकली प्रोफाइल बनाई फिर उसके पास इंस्टाग्राम पर मैसेज किया। साथ ही आरोपी ने शिकायतकर्ता के फालोअर्स को फॉलो किया। उसने इंस्टाग्राम पर कुछ लड़कों को शिकायतकर्ता का मोबाइल नंबर साझा किया। जिन्होंने शिकायतकर्ता को अश्लील फोटो और वीडियो भेजे। आरोपी ने बताया कि वह अपने फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर लड़कियों की फर्जी प्रोफाइल भी बनाता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।