तुर्कमान गेट की घटना, आरोपी बिल्डर फरार, मामला दर्ज
लोगों का आरोप अवैध रूप से बनाई जा रही थी इमारत
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मध्य दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में निर्माणाधीन मकान की तीसरी मंजिल की दीवार अचानक भरभराकर गली में गिर गई। हादसे के समय वहां से गुजर रहे मस्जिद के इमाम मलबे की चपेट में आ गए। गंभीर हालत में हाफिज इसराक (50) को एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। उनके सिर में गंभीर चोटें लगी हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में खासा रोष है। लोगों का कहना है कि अवैध रूप से पांच मंजिला इमारत का निर्माण किया जा रहा है। लोगों ने पुलिस पर मिलीभगत का भी आरोप लगाया है। वहीं, मध्य जिला पुलिस आरोपों से इंकार रही है। हादसे के बाद से आरोपी बिल्डर फरार है। पुलिस ने दीवार गिरने के मामले में बिल्डर के खिलाफ लापरवाही बरतते हुए चोट पहुंचाने का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। लोगों का कहना है कि निर्माण को लेकर कोर्ट ने रोक भी लगाई हुई है। इसके बाद भी खुलेआम काम किया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, हादसे में घायल हुए इमाम परिवार के साथ तुर्कमान गेट इलाके में रहते हैं। परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां व एक बेटा है। वे फाटक तेलियान, तुर्कमान गेट की मस्जिद में इमाम हैं। बुधवार रात को वह मस्जिद से घर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह निर्माणाधीन इमारत के पास पहुंचे तो दीवार भरभराकर गिर गई। मलबा हाफिज पर गिर गया जिससे वे अचेत हो गए। मौके पर अफरातफरी मच गई। फौरन उन्हें निजी वाहन से अस्पताल ले जाया गया। उनके सिर में कई फ्रेक्चर हैं।