वेलकम के कबीर नगर में बहादसा, भूतल पर जींस फैक्टरी में काम कर रहे थे कर्मचारी
हादसे के बाद मकान मालिक फरार, पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी की कर रही तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। वेलकम स्थित कबीर नगर में बुधवार आधी रात को दोमंजिला मकान भरभराकर जमींदोज हो गया। मलबे में मकान के भूतल पर जींस की फैक्टरी में काम कर रहे दो कर्मचारी समेत तीन युवक दब गए। पड़ोसियों ने मामले की सूचना पुलिस व दमकल विभाग को दी। मकान गिरने की खबर मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग, कैट्स एंबुलेंस के अलावा आपदा प्रबंधन विभाग भी वहां पहुंच गया।
इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों युवकों निकालकर जीटीबी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में अरशद अंसारी (22) और तौहीद (19) को मृत घोषित कर दिया गया जबकि रेहान (22) की हालत नाजुक बनी हुई है। उसके सिर में गंभीर चोट लगी है। हादसे के बाद मकान मालिक शाहिद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस को पता चला है कि गिरने वाले मकान के बगल में 50 गज का एक और मकान है। कुछ समय से वह टूट रहा है। शाहिद ने उसका मलबा जमींदोज हुए मकान की छत पर रखवा दिया था। टुकड़ी-टी-आयरन की छत से बना मकान मलबे का वजट सह नहीं पाया और ढह गया। जिला पुलिस उपायुक्त डॉ. जॉय टिर्की ने बताया कि कबीर नगर, गली नंबर-4, डी-43 में शाहिद के 50-50 गज के दो मकान हैं। भूतल पर शाहिद की जींस की फैक्टरी चल रही थी जबकि पहली मंजिल खाली थी। बराबर में दूसरे मकान को तोड़ने का काम चल रहा था। इसका मलबा और ईंट निकालकर फैक्टरी वाले मकान की छत पर रखा जा रहा था। रात करीब सवा दो बजे अचानक फैक्टरी वाला मकान भरभराकर जमींदोज हो गया। हादसे के समय फैक्टरी में काम कर रहे कटिंग मास्टर अरशद, सहायक तौहीद और अरशद का दोस्त रेहान मलबे में दब गए। कटर की मदद से लोहे के गर्डर और टी-आयरन काटकर किसी तरह धीरे-धीरे मलबे को हटाया गया। एक-एक कर तीनों घायलों को मलबे से निकालकर जीटीबी अस्पताल भेजा गया। अरशद फैक्टरी में करीब ढाई साल से कटिंग मास्टर था। पुलिस ने बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिए हैं।