पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। संवाद
- फोटो : Grnoida
दादरी। कोतवाली पुलिस ने मोबाइल टावर से कीमती सामान चुराने और खरीदने वाले दो बदमाशों को बढ़पुरा गांव के पास से गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब चालीस लाख रुपये का सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, अलीगढ़ के गांव दरियापुर निवासी ओमप्रकाश राघव उर्फ बब्लू और गाजियाबाद के कौशांबी निवासी शकील टावरों से चोरी का सामान बेचने के लिए सौदा कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने दस टावरों के एलसीसीजेड कार्ड, पेज कार्ड और सीपीआई समेत अन्य कीमती सामान चोरी किया था। उनकी निशानदेही पर बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव अच्छेजा स्थित किराये के कमरे से सामान बरामद किया गया। सामान गाजियाबाद, नोएडा समेत एनसीआर में लगे टावरों से चोरी किया गया था।
पुलिस ने बताया कि ओमप्रकाश तीन साल पहले जीओ कंपनी के टावर पर नौकरी करता था। इस कारण उसे टावरों में लगने वाले उपकरणों के बारे में जानकारी थी। जल्दी धन कमाने के लालच में वह टावरों के उपकरण चोरी करने लगा। जून में उसे नौकरी से हटा दिया गया था। आरोपी के पास कंपनी का आई कार्ड था। इसकी मदद से वह किसी भी टावर पर पहुंच जाता था और कोई भी उस पर शक नहीं करता था। टावरों से महंगा सामान चोरी कर वह शकील को बेचने के लिए सौदा कर रहा था। बरामद सामान की कीमत चालीस लाख रुपये है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्होंने कितना सामान चुराया और कहां-कहां बेचा।
बाइक चुराने वाले दो बदमाश गिरफ्तार
कोतवाली फेज टू पुलिस ने वाहन चुराने वाले दो बदमाशों को भंगेल के पास से गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की 4 बाइक, 2 तमंचे और कारतूस बरामद हुए हैं। बदमाशों की पहचान कुलेसरा निवासी मन्नान और सुथ्याना निवासी विक्की के रूप में हुई है। दो बदमाश बाजार, पार्किंग से लेकर अन्य जगहों से बाइक चुराते थे।