ग्रेटर नोएडा। सीवरेज को टैंकर में भरकर खुले में डालने से प्राधिकरणकर्मी ने रोका तो उस पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की गई। प्राधिकरण की तरफ से वाहन मालिक और चालक के खिलाफ बिसरख थाने में तहरीर दी गई है।
शुक्रवार को बिसरख के पास टैंकर लगे ट्रैक्टर (संख्या यूपी-16 ए, क्यू 962) में सीवरेज भरकर खुले में फेंका जा रहा था। प्राधिकरणकर्मी ने उसे खुले में सीवरेज डालने से रोका। आरोप है कि ट्रैक्टर चालक झगड़ा करने लगा और प्राधिकरणकर्मी पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की। मामले में प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक की तरफ से वाहन स्वामी और चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए बिसरख कोतवाली में तहरीर दी गई है।
खुले में सीवरेज डालने पर होगी सख्ती
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ दीप चंद्र ने कहा है कि गांवों के सीवरेज तय स्थानों में ही डालें। अगर कोई खुले में सीवरेज डालता है तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा। अहम है कि ग्रेटर नोएडा कई गांव सीवर लाइन से नहीं जुड़े हैं। उनके लिए प्राधिकरण ने जगह-जगह सीवरेज डालने के स्थान बना दिए हैं। वे मुख्य सीवर लाइनों से जुड़े हुए हैं। इस लाइन से सीवरेज सीधे सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) तक जाता है। इस काम के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने टैंकर संचालकों से अनुबंध कर रखा है। लेकिन अन्य निजी टैंकर संचालक भी इस काम में जुटे हैं। वह घरों से सीवरेज निकालकर इन स्थानों में डालने के बजाये इधर-उधर फेंकने की कोशिश करते हैं।