तावडू। गांव खातीवास स्थित एक निजी कॉलेज में तोड़फोड़ और स्टाफ के साथ मारपीट करने पर सदर थाना पुलिस ने कॉलेज संचालक के बयान पर एक नामजद सहित 5-6 अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं, आरोपी पक्ष ने कॉलेज स्टाफ पर जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कॉलेज संचालक खातीवास निवासी प्रताप सिंह के मुताबिक, बृहस्पतिवार दोपहर करीब 2.30 से 3.0 बजे के बीच तावडू निवासी कॉलेज छात्र अजीत परिसर में आते ही स्टाफ से दुर्व्यवहार करने लगा। मामला उनके संज्ञान में आया तो उन्होंने छात्र को समझाकर वापस घर भेज दिया। आरोप है कि कुछ देर बाद अजीत अपने 5-6 साथियों के साथ कॉलेज परिसर में दोबारा आया। आरोपियों ने अपशब्दों का प्रयोग करते हुए कॉलेज स्टाफ के साथ फिर दुर्व्यवहार किया। इस दौरान स्टाफ कर्मचारियों ने एतराज जताया तो आरोपियों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट कर परिसर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए, जिन्हें देखकर सभी आरोपी एक गाड़ी में सवार होकर फरार हो गए। डायल 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी गई। कॉलेज संचालक के मुताबिक, तीसरी बार आरोपी लाठी-डंडे से लैस होकर अपने परिजनों के साथ फिर आया और गालीगलौज करने लगा। मौके पर पुलिस को देखकर आरोपी वहां से फरार हो गए।
उधर, आरोपी पक्ष का कहना है कि घटना के दिन वह कॉलेज में फीस जमा करने की पर्ची मांग रहा था। लेकिन, कॉलेज स्टाफ उन्हें जमा फीस से कम रकम दिखाकर पर्ची दे रहा था। जिस पर उन्होंने एतराज जताया। इसी बात को लेकर विवाद हो गया तो कॉलेज संचालक सहित स्टाफ के सभी लोगों ने उन्हें जातिसूचक शब्द बोल कर अपमानित किया। उसे ही कॉलेज में बंधक बनाकर मारपीट की गई। पुलिस उन्हें किसी तरह बचाया। उन्होंने भी पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। तावडू सदर थाना पुलिस ने फिलहाल मामले में कॉलेज संचालक प्रताप सिंह के बयान पर आरोपी अजीत सहित पांच-छह अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।