ग्रेटर नोएडा। नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का शिलान्यास के साथ ही रियल एस्टेट सेक्टर में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है। बिल्डरों को उम्मीद है कि एयरपोर्ट के आने से क्षेत्र में रियल एस्टेट सेक्टर फिर से रफ्तार पकड़ेगा। खरीदारों में विश्वास कायम हो सकेगा। बिल्डरों का कहना है कि निवेश और उद्योग लगाने के लिहाज से अभी बड़ी कंपनियां गुरुग्राम को तव्वजो देती हैं, लेकिन अगले कुछ वर्षों में यह अंतर खत्म हो जाएगा। गौतमबुद्ध नगर में रियल एस्टेट सेक्टर में गतिविधियां तेज हो जाएंगी। एयरपोर्ट तैयार होने के बाद ग्रेटर नोएडा के विकास को रफ्तार मिलेगी। इससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलेपमेंट अभी से तेज हो गया है। डेवलपर्स खुश हैं कि एयरपोर्ट के आसपास ऑफिस और घर की मांग बढ़ेगी।
एयरपोर्ट की खबर उत्साहित करने वाली है। इससे इस क्षेत्र का चहुमुखी विकास होगा। आने वाले कुछ वर्षों में यहां पर नियोजित विकास दिखेगा। जो एक उच्च गुणवत्ता वाली जीवनशैली के लिए सुसज्जित होगा। रियल एस्टेट सेक्टर को बढ़ावा मिलेगा।
- सौरभ ठाकुर, एसवीपी सेल्स, स्पेक्ट्रम मेट्रो
एयरपोर्ट बहुत बदलाव लाने जा रहा है। यह शहर को वैश्विक लॉजिस्टिक मानचित्र पर स्थापित करेगा। प्रदेश सरकार हमेशा विकास और व्यापार को सुगम बनाने वाले अवसरों का निर्माण में सहायक और सक्रिय रही है। एयरपोर्ट से क्षेत्र का कई गुना आर्थिक विकास होगा। कंस्ट्रक्शन व्यवसाय में रोजगार के अवसर मिलेंगे।
- धीरज जैन, निदेशक, महागुन ग्रुप
नोएडा-ग्रेनो के साथ दिल्ली एनसीआर के लिए यह बहुत बड़ा दिन है। एयरपोर्ट से जनसंख्या घनत्व बढ़ने के साथ विकास और आर्थिक गतिविधि की गति को बढ़ावा मिलेगा। यह बहुराष्ट्रीय कंपनियों और उद्योगों को निवेश करने के लिए आकर्षित करेगा। जिसका परिणाम रोजगार के रूप में आएगा।
- रतन हवेलिया, चेयरमैन, हवेलिया ग्रुप
नोएडा इस दिन का 20 साल से इंतजार कर रहा था। नोएडा ने गुरुग्राम के साथ दिल्ली के प्रमुख उपनगर के रूप में प्रतिस्पर्धा की है। बेहतर बुनियादी ढांचा होने के बावजूद इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से निकटता के कारण बड़ी कंपनियों ने हमेशा गुरुग्राम को प्राथमिकता दी है। अगले कुछ सालों में यह अंतर मिट जाएगा।
- पंकज बजाज, अध्यक्ष, क्रेडाई एनसीआर