ग्रेटर नोएडा के बिसरख कोतवाली क्षेत्र में तीन वर्ष पहले तिहरा हत्याकांड हुआ था। कासगंज पुलिस ने यह चौंकाने वाला खुलासा किया है। क्षेत्र के पंच विहार कॉलोनी निवासी राकेश ने पत्नी रत्नेश, बेटी अवनी और बेटे अर्पित की हत्या कर मकान के बेसमेंट में तीनों के शव दबा दिए थे। आरोपी ने महिला सिपाही से प्रेम प्रसंग में वारदात को अंजाम दिया और खुद की मौत का स्वांग भी रचा था।
बुधवार को कासगंज पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया। मामले की जांच-पड़ताल करने और साक्ष्य जुटाने के लिए कासगंज पुलिस आरोपी को लेकर बिसरख कोतवाली क्षेत्र के पंच विहार कॉलोनी पहुंची थी। बिसरख पुलिस की मदद से उसके मकान की खुदाई की गई। देर रात खुदाई में मिलीं हड्डियां बरामद करने के बाद आरोपी को लेकर कासगंज पुलिस रवाना हो गई।
मूलरूप से अलीगढ़ के नौगवां गंगीरी गांव निवासी राकेश बिसरख कोतवाली क्षेत्र की पंच विहार कॉलोनी में पत्नी रत्नेश, बेटी अवनी और बेटे अर्पित के साथ रहता था। राकेश ने पत्नी और दोनों बच्चों की 14 फरवरी 2018 हत्या कर दी थी। राकेश महिला सिपाही से प्रेम करने लगा था। उसने साजिश रचकर वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद उसने बिसरख कोतवाली में पत्नी और बच्चों के अपहरण का केस दर्ज करा दिया था।
रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद राकेश नौगवां निवासी दोस्त राजेंद्र के साथ पत्नी और बच्चों की तलाश करने के लिए एटा के मारहरा स्थित अपने ससुराल गया था। पुलिस के मुताबिक 25 अप्रैल 2018 को कासगंज-मथुरा रेल लाइन पर एक सिर कटी लाश बरामद हुई थी। उसके दोनों हाथ भी कटे थे। उसकी शर्ट की जेब में राकेश की एलआईसी रसीद रखी थी।
जिसके आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान राकेश के रूप में की और शव परिजनों को सौंप दिया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक 2018 में हुई वारदात के बाद राकेश के पिता बनवारी लाल पंच विहार कॉलोनी में रहने लगे थे। कासगंज पुलिस ने शक के आधार पर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।