नूंह। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देशभर के 112 आकांक्षी जिलों की वीडियो कांफ्रेंसिंग से उपायुक्तों के साथ सीधी बातचीत के दौरान हरियाणा के एकमात्र आकांक्षी जिला नूंह में संस्थागत डिलीवरी में सुधार के लिए जमकर प्रशंसा की। पीएम मोदी ने कहा की आकांक्षी जिलों की सूची वर्ष 2018 में आई थी, उस समय हरियाणा के नूंह (मेवात) जिले की 40-45 प्रतिशत संस्थागत डिलीवरी होती थी, लेकिन जो अब बढ़कर 90 प्रतिशत तक पहुंच गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संस्थागत डिलीवरी में सुधार के लिए जिले के स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन की प्रशंसा की और कहा कि मेवात में संस्थागत डिलीवरी में सुधार एक उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है। पीएम मोदी की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक के बाद उपायुक्त कैप्टन शक्ति सिंह ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के लिए नूंह जिले का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ समय में स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर इस जिले को मिलने जा रहा है। उपायुक्त शक्ति सिंह ने कहा कि नीति आयोग द्वारा देशभर के 112 पिछड़े जिलों की सूची बनाई गई थी, जिसमें लगभग 49 पैरामीटर तय किए गए थे। इनमें ड्रॉपआउट, संस्थागत डिलीवरी, सिंचाई, कृषि, सेहत सहित अन्य विभागों के बहुत से काम थे। इन सभी में सुधार करने की जरूरत थी। मेवात जिला लगातार अपनी रैंकिंग में सुधार कर रहा है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने मेहनत की, लेकिन उसके बावजूद भी कभी रैंकिंग में नीचे चले गए तो कभी ऊपर चले गए। इस अवसर पर सहायक आयुक्त हर्षित कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. सुभिता ढाका, नगराधीश अखिलेश कुमार, मुख्यमंत्री के सुशासन सहयोगी राजूराम, सिविल सर्जन डॉक्टर सुरेंद्र यादव, उप सिविल सर्जन डॉ. आशीष सिंगला, डॉ. विशाल सिंगला, उपनिदेशक पशुपालन विभाग डॉक्टर नरेंद्र, एलडीएम पंकज सिन्हा, नवीन तेवतिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।