Piles of dirt near Goddess temples, Navratri is starting from April 2, devotees will have trouble
नगीना। दो अप्रैल से नवरात्र की शुरुआत हो रही है, लेकिन अब तक देवी मंदिरों के आसपास सफाई नहीं हो सकी है। मंदिरों के आसपास कूड़े के ढेर लगे हैं। गंदगी बजबजा रही है। इससे पूजा के लिए मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं को भारी मुसीबत झेलनी पड़ेगी।
नवरात्रि पर्व के दौरान कस्बा नगीना में साफ सफाई व्यवस्था नियमित सुनिश्चित कराने के लिए मांग की गई है। नगीनावासी समाज सेविका राधिका जैन ने बताया कि हिंदू धर्म में चैत्र मास के नवरात्रि 2 से 10 अप्रैल तक हैं। इस दौरान 9 दिनों तक धर्मानुयायी उपवास रखेंगे और धार्मिक कार्य करेंगे। लेकिन, कस्बे में साफ-सफाई व्यवस्था नियमित न होने की वजह से बाशिंदों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा। सरकार और प्रशासन को 2 से 10 अप्रैल तक कस्बे में नियमित रूप से साफ-सफाई प्रत्येक वार्ड में सुनिश्चित करनी चाहिए। राधिका ने कहा की धर्मानुयायियों के साथ-साथ कस्बावासियों को भी समय रहते गंदगी की समस्या से निजात मिलें। जनहित को ध्यान में रखकर सरकार और प्रशासन तुरंत प्रभाव से सफाई व्यवस्था बेहतर करें। झबला मोहल्ले से लेकर श्री दुर्गा माता मंदिर पथवारी पुरानी सब्जी मंडी पुरुषोतम दास आनंद गुप्ता मार्केट, श्री शीतला माता मंदिर मेन बाजार से पुरानी सब्जी मंडी तक नियमित रूप से साफ-सफाई व नालियों से पानी की निकासी करवाई जाए। क्योंकि, वार्ड नंबर 03 का झबला मोहल्ला कस्बे का मुख्य चौराहा है। यह अधिकांश वार्डों को जोड़ने के साथ-साथ लगभग आधा दर्जन गांवों को भी आपस में जोड़ता है। नवरात्रि पर्व पर इस मोहल्ले से लेकर पुरुषोत्तम दास आनंद गुप्ता मार्केट तक भक्तजनों की आवाजाही भी अधिक रहेगी। इसलिए इस मार्ग की साफ-सफाई करवाई जाए, जिससे भक्तजनों के साथ-साथ आम जनता को भी परेशानियों का सामना ना करना पड़े।