जालौन : बदमाशों ने फेंकी दवाइयां और कोरोना जांच टीम से की अभद्रता
जालौन के कठपुरवा गांव में तीन संक्रमित मरीज मिले थे, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में कैंप लगाकर जांच करने के लिए गई थी। टीम परिषदीय विद्यालय में संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की जांच पड़ताल कर ही रही थी कि तभी छह ग्रामीण आ धमके और टीम के साथ अभद्रता करने लगे।
स्वास्थ्य टीम ने मना किया तो उक्त युवकों ने उनके साथ धक्कामुक्की शुरू कर दी। इतना ही नहीं, वहां रखी दवाइयों व कागजों को उठाकर इधर-उधर फेंकने लगे। यह देख शिविर में अफरातफरी मच गई और सभी भागने लगे। तभी टीम ने घटना की जानकारी चिकित्सा अधीक्षक को फोन पर कर दी। इससे पहले कि अधीक्षक पुलिस को लेकर मौके पर पहुंचते तब तक उपद्रवी भाग निकले।
हाथरस : गांव-गांव घूमकर मरीज खोज रही टीम
हाथरस में कोरोना संक्रमण के साथ ही ब्लैक फंगस का भी खतरा लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में लोगों को सही समय से इलाज करवाना जरूरी है, लेकिन हालत यह है कि मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने से कतरा रहे हैं। हाथरस जिला अस्पताल में जितने वेंटिलेटर हैं, वह सक्रिय हैं, लेकिन कोरोना मरीजों को खोजने के लिए टीमें लगातार गांव-गांव जा रही हैं और लोगों की जांचें कर रही हैं।