सेक्टरों में पानी की आपूर्ति न होने से लोग परेशान
कई सेक्टरों में आ रहा दूषित पेयजल, लोग पड़ रहे बीमार
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। कई सेक्टरों में पानी की आपूर्ति नहीं होने से सेक्टरवासी परेशान हैं। सोमवार को कहीं पानी की सप्लाई नहीं आई तो कहीं दूषित पेयजल आया। निवासियों का कहना है कि पानी नहीं आने से रोजमर्रा के काम भी नहीं हो पाए। आरोप है कि काफी समय से सेक्टर बीटा एक, दो व सेक्टर 36 में दूषित पानी आ रहा है। इसकी शिकायत कई बार प्राधिकरण में कर चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं हुआ है।
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा एक, दो और सेक्टर-36 में कई दिन से दूषित पानी की सप्लाई आ रही है। जिसके कारण लोगों में उल्टी, दस्त व पेट दर्द की बीमारियों की शिकायत हो रही है। सेक्टर-36 के सुनील प्रधान का कहना है कि खाना पकाने व बर्तन धोने के लिए भी पानी बाहर से लाया जा रहा है। सेक्टर बीटा एक के निवासी हरेंद्र भाटी का कहना है कि सेक्टर में सोमवार को भी पानी की सप्लाई नहीं आई। कई दिन से शिकायत करते आ रहे हैं, लेकिन प्राधिकरण अधिकारियों का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।
-
सेक्टरों में गंदे पानी की समस्याओं को ठीक कराया गया था, यदि फिर भी कोई समस्या है तो उसे जांच कर ठीक करा दिया जाएगा। -एपी वर्मा, सीनियर मैनेजर, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण