-कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम में एक दो दिन में शुरू होगा दाखिले का दूसरा चरण
-विवि को सीयूईटी रिजल्ट का इंतजार, कॉलेज-कोर्स के चयन को मिलेंगे 7-10 दिन
-पहले चरण के तहत भरे गए आवेदन फॉर्म में सुधार के लिए आज खुलेगी सुधार विंडो
-विद्यार्थी रविवार तक कर सकेंगे अपने आवेदन पत्रों में सुधार
-273109 छात्रों ने कराया है पंजीकरण पहले चरण के तहत
-213522 छात्रों ने कर दिया अपनी फीस का भुगतान अब तक
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक स्तर 2024-25 के तहत स्नातक कोर्सेज में दाखिले के लिए कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस) के दूसरे चरण में छात्रों को कॉलेज व कोर्स का चयन करना होगा। रविवार को सीयूईटी यूजी का रिजल्ट जारी होने के बाद डीयू प्रशासन दूसरे चरण की तैयारी में जुट गया है। एक से दो दिन में सीएसएएस के दूसरे चरण की शुरूआत हो जाएगी। वहीं, पहले चरण के तहत भरे गए आवेदन फॉर्म में सुधार के लिए मंगलवार से सुधार विंडो शुरू हो रही है। छात्र रविवार (4 अगस्त) तक अपने फॉर्म में सुधार कर सकेंगे।
डीयू में 69 कॉलेजों में 79 स्नातक प्रोग्राम की 85 हजार सीटों पर दाखिले के लिए सीएसएएस पोर्टल को 28 मई को लांच किया गया था। इस पहले चरण के तहत छात्रों को डीयू में आवेदन करना था। पहले चरण की प्रक्रिया के तहत 273109 छात्र पंजीकृत हुए, जिसमें से 213522 छात्रों ने फीस का भुगतान किया। इस तरह से यह ही छात्र दाखिले की रेस में हैं। डीयू दाखिला डीन प्रो. हनीत गांधी के अनुसार, अब सीयूईटी रिजल्ट जारी होने के बाद एक से दो दिन में दाखिले के दूसरे चरण को शुरू कर दिया जाएगा। जैसे ही नेशनल टेस्टिंग एजेंसी से छात्रों के स्कोर कार्ड हमें मिल जाएंगे वैसे ही दाखिले के दूसरे चरण को शुरू कर देंगे। इस बार सीयूईटी के रिजल्ट देरी से आए हैं और डीयू को नए छात्रों के लिए सत्र जल्द से जल्द शुरू करना है।
ऐसे में इस बार दूसरे चरण के लिए छात्रों को ज्यादा समय नहीं मिलेगा। उन्हें सात से दस दिन का समय दिया जाएगा। विस्तृत शेड्यूल इस हफ्ते तक जारी कर दिया जाएगा। दूसरे चरण में छात्रों को अपने सीयूईटी यूजी पेपर (जो एंट्रेस में दिए गए) को उन विषयों के साथ मैपिंग करनी है जो उन्होंने बारहवीं कक्षा में उत्तीर्ण किए हैं।
4 अगस्त तक हो सकेगा आवेदनों में सुधार
जिन छात्रों ने दाखिले के पहले चरण(आवेदन-पंजीकरण) को पूरा किया है और अब उसमें कुछ सुधार करना चाहते हैं तो वह अपने आवेदन फॉर्म में चार अगस्त तक सुधार कर सकेंगे। इसमें छात्र अपने प्रोफाइल को अपडेट कर सकेंगे। आरक्षित वर्ग के छात्र अपने अपडेटेड दस्तावेजों व प्रमाणपत्रों को दुबारा अपलोड कर सकेंगे। यदि किसी विषय को हटाना या शामिल करना चाहेंगे तो वह भी कर सकेंगे। डीयू प्रशासन की सलाह है कि दूसरे चरण में कॉलेज व कोर्स का ज्यादा से ज्यादा चयन करें। इसके लिए वरीयता भी ध्यान से चुनें। अभी से कॉलेज व कोर्स की सूची बना कर रख सकते हैं।