नोएडा एयरपोर्ट के दूसरे चरण (विस्तार) के लिए जमीन अधिग्रहण से पहले जेवर के 6 गांवों के प्रभावित किसान परिवारों के सामाजिक समाघात निर्धारण (एसआईए) पर जन सुनवाई का काम पूरा कर लिया गया है। इसमें जुटी प्रशासन व जीबीयू की टीम ने फाइनल रिपोर्ट तैयार कर 16 नवंबर को प्रशासन को सौंपी थी। इसके सार्वजनिक प्रकाशन के बाद 20 नवंबर को विशेषज्ञ कमेटी ने रिपोर्ट को सैद्धांतिक मंजूरी दी है। अगले सप्ताह इसे शासन को भेजा जाएगा।
रिपोर्ट के अध्ययन के बाद सरकार अधिग्रहण पर फैसला लेगी। दूसरे चरण में करौली बांगर, दयानतपुर, कुरैब, रन्हेरा, मुढरह, बीरमपुर गांव की 1185 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। कुल 1365 हेक्टेयर जमीन को अधिसूचित किया गया है। इसमें 124 हेक्टेयर सरकारी जमीन है। इसे सीधा नागरिक उड्डयन विभाग के नाम करा दिया जाएगा।
57 हेक्टेयर जमीन का यमुना प्राधिकरण पहले से अधिग्रहण कर चुका है। करौली बांगर की 159 हेक्टेयर, दयानतपुर की 145, कुरैब की 326, रन्हेरा की 458, मुंढरह की 46 और बीरमपुर की 49 हेक्टेयर खेती की जमीन सहित कुल 1185 हेक्टेयर का अधिग्रहण किया जाना है।