हादसे में क्षतिग्रस्त इको कार।
- फोटो : Grnoida
जारचा। दादरी कोतवाली क्षेत्र में सोमवार की सुबह कोट चौकी के पास जीटी रोड पर एक रोडवेज बस ने ईको वैन को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार बुलंदशहर निवासी मां श्रीमति (46) और बेटी नेहा (18) की मौके पर मौत हो गई। जबकि परिवर के 6 अन्य सदस्य घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। इनमें एक की हालत गंभीर बताई गई है। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस के मुताबिक बुलंदशहर के अनूपशहर थाना क्षेत्र के गांव करनपुर निवासी अजय सोमवार की सुबह परिवार के साथ ईको वैन से जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए गाजियाबाद जा रहे थे। कार में परिवार के 8 सदस्य थे। सुबह करीब 6 बजे जीटी रोड पर कोट चौकी के पास अजय को सीएनजी लेनी थी। मौके पर सीएनजी स्टेशन बंद मिला। दूसरा सीएनजी स्टेशन जीटी रोड की विपरीत दिशा में था। चालक अजय वैन को जीटी रोड पर बने कट से दूसरी तरफ ले जाने लगा तभी गाजियाबाद की तरफ से आ रही रोडवेज बस ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वैन पलट गई। हादसे के बाद चालक बस को सड़क किनारे खड़ी कर फरार हो गया। वैन में घायलों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायलों को वैन से बाहर निकाला गया। कार सवार मां श्रीमति (46 वर्ष) और बेटी नेहा (18 वर्ष) की मौके पर मौत हो गई। जबकि ब्रिजेश और प्रदीप घायल हो गए। दोनों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां ब्रिजेश की हालत गंभीर बनी हुई है। घायल को आईसीयू में भर्ती कराया गया है। बाकी सभी लोग सुरक्षित है।
रोडवेज बस कब्जे में ली, चालक फरार
कोतवाली दादरी के प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि ईको व रोडवेज बस की टक्कर में मां बेटी की मौत हो गई है। घायलों को निजी अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। कार में 8 लोग सवार थे। घायलों में एक की स्थिति गंभीर है। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। रोडवेज के गाजियाबाद डिपो की बस को कब्जे में ले लिया गया है। लिखित शिकायत आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बस की सवारियों को अन्य बस से गंतव्य के लिए रवाना किया गया है।