ग्रेटर नोएडा। काली फिल्म को लेकर जारी विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। इस मामले में अब हरिद्वार के श्री पंचायती निरंजनी अखाड़ा के महामंडलेश्वर वैराग्यनंद गिरी महराज ने विवादित बयान दिया है। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए विवादित वीडियो में वैराग्यनंद गिरी महाराज काली फिल्म और आश्रम जैसी सीरीज बनाने वाले के सिर काटकर लाने वाले को 20 लाख रुपये इनाम देने की घोषणा करते दिख रहे हैं। वहीं इस संबंध में एसीपी ग्रेटर नोएडा जोन महेंद्र देव सिंह ने बताया कि बीटा-2 थाना प्रभारी को मामले की जांच करने के आदेश दिए गए हैं।
सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि वैराग्यनंद गिरी महाराज ने ग्रेटर नोएडा की पॉश सोसाइटी में प्रवास के दौरान यह बयान दिया है। मिर्ची बाबा के नाम से मशहूर वैराग्यनंद से काली फिल्म के पोस्टर को लेकर सवाल पूछा गया था। जिसके जवाब में उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म पर कोई कुठाराघात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय साजिश के तहत ऐसा किया जा रहा है। उन्होंने काली की निर्देशक और आश्रम जैसी सीरीज के निर्माताओं का सिर काटकर लाने वालों को 20 लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की।