सात जुलाई की सुबह सेक्टर डेल्टा वन की सर्विस रोड पर एक युवती जख्मी पड़ी मिली थी। पुलिस ने युवती को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान निधि के रूप में हुई, जो एक निजी अस्पताल में नर्स थी। अब डेढ़ माह बाद पुलिस ने हत्या के आरोप में अंकित सिंह भाटी निवासी बुलंदशहर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की नर्स से छह माह पहले अस्पताल में मुलाकात हुई थी। दोनों में दोस्ती हो गई और एक-दूसरे का फोन नंबर ले लिया। व्हाट्सएप पर चैटिंग होने लगी। अंकित को निधि से प्यार हो गया। इस बीच युवती की सगाई हो गई। जब आरोपी को पता चला तो उसने विरोध किया। युवती ने शादी करने की बात की, लेकिन आरोपी ने शादी करने से भी इन्कार कर दिया, जिसके बाद युवती ने भी सगाई तोड़ने से इन्कार कर दिया।
घटनास्थल पर सड़क हादसा लग रहा था, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने गोली मारने की जानकारी दी। जिसके बाद हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। आरोपी शादीशुदा है। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। -हृदेश कठेरिया, एडीसीपी, सेंट्रल नोएडा