ग्रेटर नोएडा/रबूपुरा। सूरजपुर और रबुपुरा कोतवाली क्षेत्र में शराब ठेेका संचालक और सेल्समैन से लूट के मामले सामने आए हैं। वहीं, दोनों कोतवाली की पुलिस लूटपाट के आरोप को नकार रही है। सूरजपुर कोतवाली पुलिस का कहना है कि कहासुनी पर विवाद की बात सामने आई है। वहीं, रबूपुरा कोतवाली पुलिस ने सेल्समैन के हादसे में घायल होने की बात कही है। हालांकि, सूरजपुर मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है।
घंघौला निवासी सचिन चपराना का बिरौंडी में देसी शराब का ठेका है। उनके बड़े भाई नरेंद्र ने पुलिस को शिकायत दी है कि सचिन मंगलवार देर रात ठेके से कार में सवार होकर घर के लिए निकला था, तभी दूसरी कार सवार आरोपियों ने पीछे से सचिन की गाड़ी में टक्कर मार दी। गाड़ी रुकने पर आरोपियों ने सचिन से मारपीट कर दी। आरोपी सचिन को घायल करने के बाद कार में रखे 55 हजार रुपये लूट लिए। वहीं, कोतवाली प्रभारी का कहना है कि ठेका संचालक से मारपीट की गई है। केस दर्ज कर आरोपियों को तलाश किया जा रहा है।
उधर, रबूपुरा के गांव आकलपुर स्थित ठेके व बीयर की दुकान पर योगेश व उसका भाई सेल्समैन है। आरोप है कि बुधवार देर शाम दुकान बंद कर घर लौटते समय रास्ते में पहले से खड़े 4-5 लोगों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट कर लगभग 50 हजार रुपये लूट लिए। वहीं, पुलिस ने दावा किया कि लूट की घटना नहीं हुई। दोनों सेल्समैन नशे में थे। उनकी बाइक रास्ते में गिरी है, इससे चोट भी लगी है। आशंका है कि पैसे रास्ते में गिर गए हैं। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।