तावडू। अतिरिक्त मुख्य सचिव तथा नूंह जिले के प्रभारी अशोक खेमका द्वारा रजिस्ट्रियों में 500 रुपये गज को लेकर दिए बयान का विरोध जताया है। बृहस्पतिवार को तहसील कार्यालय में राजस्व अधिकारी संगठन के निर्देश पर तहसीलदार सहित सभी अधिकारियों ने बयान के विरोध में काली पट्टी बांध कार्य किया।
तावडू तहसीलदार शालिनी लाठर ने कहा कि वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अतिरिक्त मुख्य सचिव का यह बयान अधिकारियों का मनोबल गिराने वाला है। राजस्व विभाग के छोटे से छोटे कर्मचारी से लेकर तहसीलदार स्तर के अधिकारियों ने कोरोना काल में अपनी जान दांव पर लगाकर लोगों की सेवा की। महीनों तक राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने कोरोना संक्रमितों की निरंतर निगरानी के अलावा टीकाकरण में घर-घर जाकर अपनी जिम्मेदारी निभाई। कोई भी आपदा आने पर सबसे पहले राजस्व विभाग के कर्मचारी आमजन की सुरक्षा को लेकर अपने आपको झोंक देते हैं। बीते करीब तीन वर्षों से महामारी की चपेट में उनके कई कर्मचारी भी आ चुके हैं। ऐसे में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी द्वारा राजस्व अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाना गलत है।
बता दें कि अतिरिक्त मुख्य सचिव अशोक खेमका ने तहसीलों में हो रही रजिस्ट्रियों में 500 रुपये प्रति वर्ग गज घूस लेने की बात कही थी। इस अवसर पर तहसीलदार तावडू शालिनी लाठर, कानूनगो इंद्रजीत सहित राजस्व विभाग के सभी अधिकारियों ने बयान के विरोध स्वरूप पूरे दिन बाजू पर काली पट्टी बांध कार्य किया।