नोएडा। भंगेल गांव में शनिवार रात को जन्मदिन की पार्टी में दो दोस्तों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान एक दोस्त ने दूसरे पर चाकू से वार कर दिया। गले में चाकू लगने के कारण युवक की अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों ने कोतवाली क्षेत्र में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, भंगेल गांव निवासी मुदित निजी कंपनी में काम करता है। शनिवार को उन्होंने पत्नी के जन्मदिन पर घर पर कुछ लोगों को पार्टी के लिए बुलाया था। इसमें दिल्ली निवासी दोस्त नितिन चौधरी (24) भी शिरकत करने आया था।
देर रात तक सभी लोग पार्टी कर रहे थे और पार्टी में दोस्तों के अलावा पड़ोसी व रिश्तेदार भी शामिल थे। आरोप है कि पार्टी के दौरान मुदित और नितिन के बीच किसी बात को लेकर वाद विवाद हो गया। दोनों में विवाद इतना बढ़ा कि नाराज मुदित ने नितिन पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू नितिन के गले पर लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मुदित भाग गया। गंभीर हालत में नितिन को सेक्टर-110 स्थित यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में पिता की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
हिंडन में नहाने गया युवक डूबा
सेक्टर-115 स्थित सोरखा गांव के पुश्ता पार हिंडन में नहाने गया एक युवक डूब गया। दूसरे युवक ने नदी में कूदकर उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन नाकाम रहा। जब परिजन युवक को ढूंढते हुए नदी के पास पहुंचे तो पेड़ पर लटके कपड़ों को देखकर घटना के बारे में पता चला। कोतवाली सेक्टर-49 पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नदी में शव तलाशने का काम शुरू कराया। देर रात तक शव बरामद नहीं हो पाया था।
पुलिस के अनुसार, मूलरूप से नेपाल निवासी जमान सिंह गुरुंग परिवार के साथ सोरखा गांव के पुश्ता पार में रहते हैं। उनके परिवार में पत्नी, चार बेटे और दो बेटियां हैं। बेटा 21 वर्षीय सुनील रविवार शाम को 6:30 बजे हिंडन में नहाने गया था। तेज धारा की चपेट में आकर वह डूब गया। पास में ही खड़े एक युवक ने जब देखा तो वह बचाने के लिए नदी में कूद गया, लेकिन बचा नहीं पाया। सुनील अक्सर हिंडन में नहाने जाता था। शनिवार को अधिक बारिश होने के बाद नदी का जलस्तर बढ़ गया था और धारा भी तेज हो गई थी।