नोएडा। ओएलएक्स समेत अन्य ई-कॉमर्स साइट पर सस्ते दाम पर आईफोन बेचने और इंश्योरेंस कराने के नाम पर ठगने वाले एक गिरोह का कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस ने पर्दाफाश किया है। शुक्रवार को सेक्टर-22 से पुलिस ने दो युवतियों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपी पीड़ितों से पैसे अकाउंट में ट्रांसफर कर बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों के खातों में भेज देते थे।
एसीपी सेकंड रजनीश वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मामूरा निवासी हैदर अली उर्फ अयान, शुभम कुमार उर्फ शिवम, सेक्टर-22 चौड़ा निवासी राहुल त्रिपाठी, खुशबू कुमारी और सोनिया के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से 10 मोबाइल, सिम कार्ड, डेबिट कार्ड और दो कंप्यूटर बरामद हुए हैं। राहुल और उसकी पत्नी खुशबू गिरोह चलाते थे। पूछताछ में पता चला है कि यह आरोपी संगठित तरीके से वारदात अंजाम देते थे। आरोपियों ने सेक्टर-22 में एक मकान में किराये का कमरा ले रखा था और यहीं से ई-कॉमर्स साइट पर सस्ते दाम में आईफोन बेचने और अन्य तरह के विज्ञापन देते थे। आरोपी लोगों को झांसे में ले लेते थे और किसी भी सामान के एवज में बैंक में पैसे मंगवा लेते थे और इसके बाद नंबर ब्लॉक कर देते थे। सामान बेचने के साथ-साथ यह लोग इंश्योरेंस के नाम पर भी ठगते थे।
ई-कॉमर्स साइट से 100 से अधिक लोगों को बनाया शिकार
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि इन लोगों ने 100 से अधिक लोगों के साथ ठगी की है। सबसे अधिक ठगी ओएलएक्स पर विज्ञापन डालकर की है। साथ ही, एक दर्जन से अधिक लोगों को इंश्योरेंस के नाम पर ठगा है। पुलिस आशंका जता रही है कि गिरोह में कुछ अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। इनके बारे में पुलिस पता लगा रही है। साथ ही, पुलिस आरोपियों के बैंक खातों की भी जांच कर रही है ।