ग्रेटर नोएडा। गौतम विश्वविद्यालय में चल रहे प्रवेशोत्सव एवं कॅरियर काउन्सलिंग के तहत मेरिट के आधार पर प्रवेश देने की प्रक्रिया 24 अगस्त से शुरू हो गई। पहले दिन लगभग चार सौ छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया और जानकारी ली।
विश्वविद्यालय में दाखिले के लिए चल रही प्रक्रिया में प्रवेशोत्सव एवं काउन्सलिंग के तहत लगभग 500 छात्र-छात्रों ने प्रवेश ले लिया है। पहले दिन करीब 400 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया। विवि प्रशासन ने उम्मीद जताई कि मंगलवार की प्रक्रिया और अगले दो दिन होने वाली काउंसलिंग के बाद इस शैक्षणिक सत्र में दाखिले एक हजार की संख्या को पार कर जाएंगे।
पहले दिन काउंसलिंग के दौरान विद्यार्थियों ने जानकारी ली। इसमें विवि राजकीय है या नहीं और शिक्षकों के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा प्रत्येक पाठ्यक्रम रोजगार के लिए किस तरह फायदेमंद है, आदि प्रश्न पूछे। जिनके दाखिला प्रबंधन सदस्यों ने उत्तर दिए।
पीएचडी और एमफिल का परिणाम सितंबर में आएगा
पीएचडी और एमफिल की लगभग 75 सीटों के परिणाम सितंबर के पहले सप्ताह में जारी किए जाएंगे। बाकी बचे विषयों की दूसरी काउंसलिंग भी सितंबर के पहले सप्ताह में होगी। विवि प्रशासन को पिछले वर्ष की भांति ही लगभग 1700 की संख्या को पार करने की उम्मीद कर रहे हैं।
विदेशी छात्रों का बढ़ा रुझान
बौद्ध अध्ययन विभाग के लिए नामांकन बुधवार को होगा। विदेशी छात्रों का रुझान हाल ही में बढ़ा है। इस शैक्षणिक सत्र में तीन नए देशों से विदेशी छात्रों का आना सुनिश्चित हो गया है। इनमें ताइवान, भूटान और रोमानिया जैसे देशों से अच्छी संख्या में विद्यार्थी आ रहे हैं।
इसके अलावा वियतनाम, म्यांमार, श्रीलंका, थाईलैंड, कंबोडिया, लाओस, इत्यादि देशों से विदेशी छात्रों के आने की उम्मीद है, लेकिन यह सब कोविड महामारी और उससे संबंधित यात्रा प्रतिबंध और उसमें होनेवाली छूट पर निर्भर है।