ग्रेटर नोएडा। कासना कोतवाली क्षेत्र के लडपुरा गांव में लोहे के एक गर्डर चोरी के शक में हुए झगड़े में माली की 13 साल की बेटी की हत्या का दी गई। किशोरी का परिवार बाग में माली व रखवाली का काम करता है। बाग से गर्डर चोरी होने के बाद दूसरे माली का परिवार किशोरी के परिवार से झगड़ा करने लगा। किशोरी बीचबचाव करने पहुंची तो आरोपियों ने उसे पीटकर धक्का दे दिया। उपचार के दौरान दम तोड़ने पर परिजनों ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला व परिवार के तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ा है।
पुलिस के मुताबिक, रमेश शर्मा के बाग में बुलंदशहर निवासी रामू का परिवार व धारा सिंह का परिवार माली व रखरखाव का काम करता है। 17 अगस्त को रमेश के बाग से लोहे का गर्डर चोरी हो गया था। रमेश को धारा सिंह के नाबालिग बेटे पर शक हुआ तो उसने पूछताछ की। ऐसे में धारा सिंह व परिजन को रामू के परिवार पर गर्डर चोरी और मालिक से शिकायत करने का शक हुआ। धारा ने इसी शक में रामू से झगड़ा शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने रामू से मारपीट भी की। इसी दौरान रामू की बेटी रेखा पिता को बचाने पहुंच गई, लेकिन आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रेखा को परिजनों ने जिम्स में भर्ती कराया। घटना के बाद पुलिस को सूचना नहीं दी गई थी। सोमवार रात उपचार के दौरान रेखा की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामले में धारा सिंह, उसकी पत्नी रानी, बेटा गौरव व भाई रवि और एक नाबालिग के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित पांच धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
पीटकर घायल करने के दावे को पुलिस ने नकारा
सोशल मीडिया पर नाबालिग को पीटकर घायल करने की सूचना वायरल की गई। इस संबंध में कासना थाना प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि नाबालिग धक्का लगने से गिरकर घायल हुई थी। उसके शरीर पर कोई गहरा निशान भी नहीं था। उसके कोई गुम चोट आई थी और उपचार के दौरान ऑक्सीजन लेवल कम होने की भी जानकारी डाक्टर ने उन्हें दी है। वहीं, उन्होंने जानकारी दी कि मृतका का परिवार बुलंदशहर के गुलावठी क्षेत्र का है।
झगड़े में बीचबचाव के लिए नाबालिग घायल हुई थी। उस दौरान पुलिस को सूचना नहीं दी गई। अस्पताल में दम तोड़ने के बाद शिकायत मिली। केस दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया और नामजद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। नाबालिग को किशोर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
- विशाल पांडे, एडिशनल डीसीपी
पड़ोसी सहेली के घर सोने गई दलित किशोरी की संदिग्ध हालात में मौत
कासना कस्बे में पड़ोसी सहेली के घर सोने गई दलित किशोरी की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। सोमवार देर रात किशोरी की तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद परिजन से जिम्स लेकर पहुंचे जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू की है, लेकिन रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। ऐसे में पुलिस ने विसरा जांच के लिए भेजा है। पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि सतीश वाल्मीकि ने थाने पर सूचना दी कि उसकी 16 वर्षीय बेटी सोमवार रात पड़ोसी 18 वर्षीय सहेली के घर में सोने गई थी। देर रात बेटी की तबीयत बिगड़ गई तो सहेली के परिजनों की सूचना पर परिवार के लोग पीड़िता को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।