एसी में लगी आग फ्लैट में फैली, बाल-बाल बचे लोग
-ग्रेनो वेस्ट की गौड़ सिटी वन के 6 एवेन्यू सोसाइटी के टावर-सी की घटना
-फ्लैट में चलती है कॉमर्शियल गतिविधियां, घटना के समय चल रही थी जुंबा क्लास
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की गौड़ सिटी वन की 6 एवेन्यू सोसाइटी के फ्लैट में बृहस्पतिवार को एसी में चिंगारी निकलने के बाद आग लग गई। आग तेजी से पूरे फ्लैट में फैल गई। घटना के समय फ्लैट के अंदर जुंबा क्लास चल रही थी। फ्लैट के अंदर से सभी लोगों को बाहर निकाला गया। सूचना पाकर मेंटेनेंस टीम भी मौके पर पहुंच गई और फायर सिस्टम से आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक फ्लैट में रखे लाखों रुपये के सामान जल गए।
सोसाइटी के टावर-ई में आशुतोष अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनका एक फ्लैट टावर-सी के ग्राउंड फ्लोर पर है। जहां उनकी पत्नी रेखा सोसाइटी की महिलाओं को जुंबा क्लास देती हैं। बृहस्पतिवार सुबह फ्लैट में जुंबा क्लास चल रही थी। सुबह करीब 10:15 बजे अचानक एसी से तेज आवाज के साथ चिंगारी निकली और आग लग गई। फ्लैट मालिक रेखा ने बताया कि थोड़ी ही देर में आग फ्लैट में फैल गई। आग बढ़ती देख सभी लोगों को बाहर निकाला गया। आग लगने के बाद फ्लैट के अंदर लगे स्प्रिंक्लर चालू हो गए। सूचना पर पहुंची मेंटेनेंस टीम ने फायर सिस्टम की मदद से आग पर काबू पाया। आग में लाखों रुपये का सामान जल गया। वहीं, घटना के बाद से सोसाइटी निवासी एसी के प्रयोग को लेकर परेशान हैं। उनका कहना है कि गर्मी में ऐसी का प्रयोग करने से डर लग रहा है।
लगातार एसी का प्रयोग नहीं करने की अपील
घटना के बाद एओए ने सोसाइटी में एसी के प्रयोग को लेकर एडवाइजरी जारी की है। निवासियों से एसी का प्रयोग लगातार नहीं करने की अपील की है। कहा है कि बीच-बीच में एसी बंद करते रहें। समय-समय पर विशेषज्ञ कारीगरों से एसी की सर्विस कराते रहें। अगर कोई उपकरण खराब है तो उसे तत्काल बदलवा लें। एसी की हवा के निकास में किसी तरह की बाधा नहीं आनी चाहिए।
एसी के प्रयोग में बरतें सावधानी
-गर्मी में एसी की समय पर सर्विस कराएं
-लगातार एसी को नहीं चलाएं, बीच-बीच में बंद कर दें
-एसी का तापमान कम से कम 24 डिग्री या उससे अधिक रखें
-लगातार एसी चलने पर ओवरहीट होने और फुंकने का खतरा अधिक होगा।
-रिमोट से बंद करने के साथ ही एमसीबी या स्विच बंद करना चाहिए।
-
फ्लैट में पूर्व में कॉमर्शियल गतिविधि चल रही थी। इस संबंध में प्राधिकरण के साथ फ्लैट मालिक को नोटिस जारी किया गया था। इस समय कॉमर्शियल गतिविधि चलने की जानकारी नहीं है। इसकी जांच की जाएगी। मेंटेनेंस टीम ने समय से आग पर काबू पा लिया था। घटना के बाद सोसाइटी के लोगों को एसी के प्रयोग में सावधानी बरतने की एडवाइजरी जारी की गई है।
अश्वनी सिंह, एओए अध्यक्ष, 6 एवेन्यू