Fear of accident among people due to dilapidated electric wires
तावडू। शहर के लगभग सभी वार्डों में बिजली के जर्जर तारों और केबलों से लोगों में हादसों का डर बना हुआ है। वहीं, कम क्षमता के बिजली ट्रांसफार्मरों पर ओवरलोड की समस्या बनी हुई है। इससे नगरवासी काफी परेशान हैं। बिजली विभाग भी शहर की बिजली से संबंधित समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है। शहर वासियों और वार्ड पार्षदों की शिकायत मिलने के बाद तावडू नगर पालिका अध्यक्ष ने एसडीओ को पत्र लिखकर मांग की है कि शहर के सभी वार्डों में जर्जर तारों को बदला जाए। वहीं, अधिक क्षमता वाले ट्रांसफार्मर लगाए जाएं।
तावडू नगर पालिका अध्यक्ष मनिता गर्ग ने शहर के वार्ड नंबर 8 नट कॉलोनी, वार्ड नंबर 4 विजय चौक, वार्ड नंबर 9 शिव नगर ,वार्ड नंबर 7, 9 सहित पूरे शहर की बिजली संबंधित समस्याओं के बारे में अवगत कराया। उन्होंने कहा कि इन जगहों पर बिजली की तार काफी जर्जर हालत में नीचे लटक रही है। वहीं, ज्यादातर ट्रांसफार्मर 100 केवी के लगे हुए हैं। इनकी क्षमता बहुत कम है। जबकि इन पर लोड अधिक है, जिसके कारण आए दिन फाल्ट होते रहते हैं। घरेलू उपकरण जलने की शिकायत भी मिल रही है। उन्होंने इन जगहों पर 200 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है। जर्जर तारों से हादसों का खतरा बना रहता है। कई बार वाहनों के आवागमन से यह खतरा और अधिक बढ़ जाता है। उन्होंने बताया कि शहरवासियों, वार्ड पार्षदों की शिकायत पर बिजली विभाग के एसडीओ को पत्र लिखकर मांग की है कि जल्द से जल्द इन गंभीर समस्या का समाधान किया जाए।