Farmers got 1400 bags of DAP, distributed in Punhana police post
पुन्हाना। सरसों फसल की बिजाई का समय निकलता जा रहा है। सरकार द्वारा अब तक खाद की किल्लत का समाधान नहीं किया गया है। इस कारण किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पुन्हाना पुलिस चौकी में रविवार को उपमंडल के करीब 122 गांवों के हजाराें किसानों के लिए डीएपी के मात्र 1400 कट्टे बांटे गए। इस दौरान डीएपी के कट्टे बांटने में पुलिस, कृषि विभाग के अधिकारियों के पसीने छूट गए।
किसान सहाब खां, इसाक का कहना है कि सरकार चाहती ही नहीं कि किसानों को समय पर खाद दी जाए। अगर सरकार की नीयत ठीक होती तो पहले ही अधिकृत डीलर और सरकारी संस्थाओं पर खाद भेज दी जाती। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की इस लापरवाही से खाद की कालाबाजारी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि नूंह जिले में डीएपी के लाखों कट्टे की जरूरत है, लेकिन इसके बावजूद नाम मात्र ही उपलब्ध करवाई जा रही है। रविवार को केवल डीएपी के 1400 कट्टे बांटे गए। हजारों किसानों को बिना खाद वापस लौटना पड़ा। उन्होंने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द किसानों के लिए डीएपी मुहैया कराई जाए।
कृषि अधिकारी अभय राम ने बताया कि रविवार को डीएपी के 1400 कट्टे बांटे गए हैं। उन्होंने बताया कि पहले किसानों को पर्ची काटी गई। इसके बाद उनको डीएपी वितरित की गई। उन्होंने बताया कि पहले किसानों को पुन्हाना अनाज मंडी में खाद बांटी जा रही थी, लेकिन खाद कम और किसान ज्यादा आने के कारण हंगामा होने लगता है। इसलिए पुन्हाना पुलिस चौकी में डीएपी बांटी गई।