फिरोजपुर झिरका। उपमंडल के जोधड़ियाबास गांव में 50 वर्षीय मानसिक रोगी महिला कमला का शव कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से महिला के शव को कुएं से निकलवाया। पोस्टमार्टम के लिए शव को मंडीखेड़ा अस्पताल में भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि मानसिक रोगी कमला पत्नी पप्पू निवासी गांव भाकडोजी पहले भी बिना बताए घर से कई बार गायब हो गई थी, जिसे खोजबीन कर घर वापस लाया गया। कमला के पुत्र सुभाष ने बताया कि उनकी माताजी मानसिक रोग से पीड़ित थी। उनका हर वक्त परिजनों द्वारा ध्यान रखा जाता था, लेकिन 10 अक्तूूबर की रात्रि से वह लापता हो गई। काफी तलाश करने और सभी रिश्तेदारी में मालूम करने के बावजूद भी उनका कोई सुराग नहीं लग सका। सुबह गांव के किसान जब अपने खेतों की ओर जा रहे थे तो उन्हें जोधड़ियाबास स्थित एक कुएं में महिला का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। थाना प्रबंधक रमेश चंद मौके पर पहुंचे और उन्होंने ग्रामीणों की सहायता से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। महिला की शिनाख्त होने के बाद शव को पोस्टमार्टम कराने हेतु मंडीखेड़ा अस्पताल ले जाया गया। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।