पुन्हाना। बिजली कर्मचारियों को बिजली मीटर लगवाने की एक व्यक्ति को सलाह देना भारी पड़ गया। आरोपियों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट ही नहीं की बल्कि 700 रुपये भी छीन लिए। पिटाई से घायल कर्मचारी को शहीद हसन खान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बिछोर पुलिस ने दो महिलाओं सहित 6 लोगों के खिलाफ, मारपीट करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और पैसे छीनने सहित अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज जांच शुरू कर दी है। आरोपी फरार है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुन्हाना बिजली निगम के एसडीओ हर्ष गुप्ता ने उन्हें शिकायत देकर आरोप लगाया कि दिनांक 7 नवंबर 2021 को करीब 2:30 बजे अजहरुद्दीन अपने साथी एएलएम शमसुद्दीन के साथ शिकायत सेंटर नई पर कार्यरत हैं। दोनों कर्मचारी पीडीसीओ (पेंडिंग बिजली बिल) की रिकवरी के लिए सुकेडिया मोहल्ला नई पर गए। उन्होंने कुछ घरों पर बिजली बिल का तकादा कर सेंटर पर वापस आ रहे थे। 3:30 बजे मक्कर पुत्र रोजगार के घर के सामने से गुजरने पर कर्मचारियों ने उससे मीटर लगवाने के लिए कहा तो आरोपी ने गाली गलौज शुरू कर दी। कर्मचारी बिना कुछ कहे शिकायत केंद्र नई पर वापस आ गए। इसी दौरान आरोपी मक्कर, प्रवेज, शहाबुद्दीन, जफरु, हसीना और खुर्शीदन शिकायत केंद्र पर हाथों में लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए। उन्होंने आते ही कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। जिसमें शमसुद्दीन एएलएम को गंभीर चोटें आई हैं जिसका इलाज शहीद हसन खां मेडिकल कॉलेज नूंह में चल रहा है। उन्होंने कहा कि आरोपी मारपीट कर जान से मारने की धमकी देते हुए तथा कर्मचारी की जेब में रखे 700 रुपये छीनकर फरार हो गए।
बिछोर थाना प्रभारी बलबीर का कहना है कि बिजली निगम के एसडीओ हर्ष कुमार की शिकायत पर 2 महिलाओं सहित 6 लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, जान से मारने की धमकी देने, पैसे छीनने सहित कई धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, अभी आरोपी फरार है जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।