ग्रेटर नोएडा में ठग पर एक पैसा भारी पड़ गया। ठग ने एक व्यक्ति के अकाउंट से 10 हजार रुपये निकालने की कोशिश की, लेकिन वह कामयाब नहीं हो सका। पीड़ित ने इसकी जानकारी साइबर सेल में दी है।
अकाउंट में एक पैसा कम होने से अल्फा वन कॉमर्शियल बेल्ट में एक व्यक्ति दस हजार की ऑनलाइन ठगी से बच गया। उसके बैंक अकाउंट में 9999.99 रुपये थे। जबकि ठग ने पीड़ित के बैंक अकाउंट से ऑनलाइन 10,000 रुपये का भुगतान करने का प्रयास किया था। पीड़ित ने इसकी जानकारी साइबर सेल में दी है।
विज्ञापन
ग्रेटर नोएडा के डेरीन गांव निवासी सुनील का सेक्टर अल्फा वन के कॉमर्शियल बेल्ट में कार्यालय है। उन्होंने 2 जून को अपने परिचित को ऑनलाइन भुगतान कर तीन बार में 22000 रुपये भेजे थे। अकाउंट नंबर गलत होने के कारण पैसे किसी अन्य व्यक्ति के अकाउंट में पहुंच गए। बृहस्पतिवार को अकाउंट की जांच करने के दौरान उनको इसकी जानकारी मिली। उन्होंने अपने बैंक को सूचना दी। वहां से मदद नहीं मिलने पर उन्होंने ट्विटर पर बैंक से इसकी शिकायत की। उनके ट्वीट करने के तुरंत बाद ठग सक्रिय हो गए।
सुनील ने बताया कि उसके पास एक फोन आया। फोन करने वाले ने पैसा वापस कराने का दावा किया। उसने मोबाइल में एक एप डाउनलोड करने को कहा। एप्लीकेशन डाउनलोड कर रहे थे तभी किसी साथी ने उन्हें सचेत कर दिया। हालांकि तब तक साइबर जालसाज ने उनके खाते से पहले 22000 का भुगतान करने का प्रयास किया। जो सफल नहीं हो सका। उसके बाद ठग ने दो बार 10000 के भुगतान का प्रयास किया, लेकिन अकाउंट में 9999.99 रुपये होने की वजह से पैसे ट्रांसफर नहीं हुए। दो बार प्रयास होने पर सुनील सचेत हो गए। उन्होंने इसकी शिकायत साइबर सेल में की है।