ग्रेटर नोएडा। एक तरफा प्यार में एक युवक ने पहले युवती को मैसेज किए। इसके बाद उसके परिजन को चकमा देने के लिए अपने नंबर पर आने वाली कॉल को पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह के नंबर पर डायवर्ट कर दिया। आरोपी ने अपने व्हाट्स एप नंबर पर पुलिस कमिश्नर की डीपी भी लगा ली थी। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर आगरा निवासी आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, दीपक सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में रहकर नौकरी करता था। दो माह पहले वह आगरा चला गया। इसी बीच उसकी पहचान एक युवती से हुई। आरोपी युवती से एक तरफा प्यार करने लगा।
उसने किसी तरह युवती का मोबाइल नंबर लेकर कॉल व मैसेज करने शुरू करना दिया। इसकी भनक जब युवती के परिजन को लगी तो आरोपी को कॉल करने लगे। आरोपी ने उनको चकमा देने के लिए अपने व्हाट्स एप पर पुलिस कमिश्नर की डीपी लगा ली और अपने नंबर की कॉल भी उनके सीयूजी नंबर पर डायवर्ट कर दी। पुलिस कमिश्नर के सीयूजी नंबर पर बार-बार कॉल आने पर मामले की जांच की गई। सच्चाई पता चलने पर सूरजपुर कोतवाली में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। डीसीपी हरीश चंदर का कहना है कि सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
कोतवाली पहुंचीं महिलाएं, गिरफ्तारी और कार्रवाई की उठाई मांग
सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के साकीपुर गांव में घरेलू सहायिका शीला से मारपीट और दांत से काटने के मामला बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को कई महिलाएं कार्रवाई व गिरफ्तारी की मांग को लेकर कोतवाली पहुंच गईं। जहां उन्होंने सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी महिला व उसकी बेटी की गिरफ्तारी की मांग की। बता दें कि साकीपुर निवासी शीला एक फ्लैट में कुछ दिन से काम कर रही है। इसी फ्लैट में गांव निवासी एक अन्य महिला काम करती थी, लेकिन उसका काम छूट गया। उसने शीला से भी काम छोड़ने को कहा था, लेकिन शीला ने उसकी बात नहीं मानी। इससे नाराज महिला और उसकी बेटी ने शीला से मारपीट की। इस दौरान उसके होंठ, गाल व शरीर के अन्य हिस्से पर भी दांत से काट लिया। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में धारा बढ़ाकर कार्रवाई की जाएगी।