प्रेमिका के साथ मिलकर पत्नी की हत्या
मायकेवालों की सूचना पर पहुंची पुलिस, दहेज के लिए प्रताड़ित करने का भी आरोप
- पति, प्रेमिका और उसकी मां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, आरोपी फरार
अमर उजाला ब्यूरो
जेवर। कस्बे के मोहल्ला सल्लियान में पति ने प्रेमिका और उसकी मां के साथ मिलकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। सूचना के बाद मायके वाले उसके घर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। महिला के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति, प्रेमिका और उसकी मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी फरार हैं।
पुलिस के मुताबिक, खुर्जा के तिन्हैया निवासी ओमप्रकाश ने बेटी प्रियंका की शादी 29 मई 2017 को जेवर के मोहल्ला सल्लियान निवासी देशराज पुत्र ओमप्रकाश के साथ की थी। ओमप्रकाश का आरोप है कि देशराज शादी के बाद से ही प्रियंका को अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करता था। इसी बीच देशराज के संबंध मोहल्ले में ही रहने वाली एक लड़की और उसकी मां से हो गए। सोमवार सुबह देशराज, उसकी प्रेमिका नीरू और प्रेमिका की मां शीला ने मिलकर प्रियंका की दुपट्टे से फांसी लगाकर हत्या कर दी। सुबह नौ बजे फोन पर सूचना मिलने के बाद परिजन घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। जेवर कोतवाली प्रभारी सुरेंद्र सिंह भाटी का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद महिला की मौत के संबध में कई चीजों का खुलासा होगा।