बहन से प्रेम विवाह करने की रंजिश
में जीजा पर जानलेवा हमला
- दोस्तों के साथ मिलकर रॉड से किया हमला, पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। ख्याला इलाके में एक युवक ने दोस्तों के साथ मिलकर जीजा पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने पीड़ित के सिर पर रॉड से हमला कर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया। जांच में पता चला कि बहन से प्रेम विवाह करने के बाद से युवक की जीजा से रंजिश चल रही है। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात पुलिस को सूचना मिली कि रघुवीर नगर इलाके में कुछ युवक, एक युवक पर जानलेवा हमला कर फरार हो गए हैं। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी पहचान रघुवीर नगर निवासी संतोष (30) के रूप में हुई है। पीड़ित ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2014 में उसने अपने भाई रवि की साली से प्रेम विवाह कर लिया था। शादी के बाद से उसका साला मुकेश उससे रंजिश रखता है। इस बात को लेकर कई बार उससे झगड़ा कर चुका है। मंगलवार रात संतोष घर से घूमने के लिए निकला था। कुछ दूरी पर मुकेश अपने तीन दोस्तों के साथ मिला। मुकेश ने उसे बहन को छोड़ने के लिए कहा। संतोष के मना करने पर मुकेश और उसके दोस्तों ने उस पर रॉड से हमला कर दिया और फरार हो गए। पुलिस मामला दर्ज कर फरार मुकेश और उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।