तेज रफ्तार कार की टक्कर से तीन पुलिसकर्मी घायल
मुंडका में वाहनों की तलाशी के दौरान हुई घटना, आरोपी कार समेत फरार, एक सिपाही को गंभीर चोट
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली । धौलाकुंआ इलाके में ट्रैफिक पुलिस के एएसआई की सड़क हादसे में मौत के बाद मंगलवार रात मुंडका इलाके में एक बेलगाम कार ने तीन ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी। घायल सिपाहियों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से एक को गंभीर चोट लगी है। उसे निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर फरार कार चालक की पहचान कर रही है। घायल सिपाहियों की पहचान सतीश कुमार, नवीन और सचिन के रूप में हुई है।
मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह एएसआई नरेश कुमार, कांस्टेबल सतीश कुमार, सिपाही नवीन और सचिन के साथ टीकरी बोर्डर से नांगलोई जाने वाले रास्ते पर वाहनों की तलाशी ले रहे थे। सिपाहियों ने एक गाड़ी को रोककर उसकी जांच कर रहे थे। इस दौरान पीछे से तेज रफ्तार से वैगन आर कार ने सतीश नवीन और सचिन को जोरदार टक्कर मार दी। जेडओ ने टक्कर मारकर भाग रहे वैगनआर कार का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन कार कुछ देर में ही नजरों से ओझल हो गई। नरेश ने घायल तीनों सिपाहियों को निजी वाहन से नांगलोई स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से सचिन और नवीन को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी। जबकि सतीश को दूसरे निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।