हाथ पर बंधी पट्टी से पकड़े गए लुटेरे
घूमने के लिए लूटी थी कैब, दूसरे से लूटा मोबाइल, एक है नाबालिग
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। द्वारका जिले के स्पेशल स्टाफ ने 24 घंटे में दो वारदात करने वाले बदमाशों को एक के हाथ पर बंधी पट्टी के सहारे पकड़ लिया। बदमाशों ने एक युवक से मोबाइल फोन और उबर कैब चालक से उसकी कार लूट ली थी। बदमाशों ने बाद में बताया कि उन्होंने घूमने के लिए कार लूटी थी।
जिला पुलिस उपायुक्त ऐंटो अल्फोंस ने बताया कि 27 अक्तूबर की रात द्वारका सेक्टर 23 इलाके के पोचनपुर में एक युवक से मोबाइल छीनने की शिकायत मिली। इसी बीच पुलिस को पोचनपुर के पास ही एक उबर कैब लूटे जाने की जानकारी मिली। दोनों पीड़ितों ने बताया कि वारदात दो युवकों ने की है। 28 अक्तूबर की सुबह पुलिस को लूटी गई कार द्वारका इलाके में लावारिस मिल गई। कैब चालक ने पुलिस को बताया कि लूटपाट करने वाले एक युवक के दाहिने हाथ पर पट्टी बंधी थी। पोचनपुर के आसपास जांच में पता चला कि इलाके में इसी हुलिये के दो युवक घुम रहे हैं। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। एक बदमाश पोचनपुर निवासी साहिल और दूसरा नाबालिग है। दोनों ने लूटपाट करने की बात स्वीकार कर ली। साहिल ने बताया कि घटना के समय दोनों नशे में थे। खाना खाने के लिए उन्होंने पहले मोबाइल लूटा। इसके जरिये दोनों बदमाशों ने खाने का आर्डर दिया। इसके बाद घूमने का मूड बना तो उन्होंने उबर कैब चालक से कार लूट ली। चालक को वे रास्ते में फेंक गए थे।