पहली खबर झज्जर के खास ध्यानार्थ
तस्कर गिरफ्तार, 42 कार्टन अवैध शराब बरामद
नई दिल्ली। छावला थाना पुलिस ने एक कार को रुकने का इशारा किया तो चालक ने एसएक्स4 कार से बेरीकेड में टक्कर मार दी। इसके बाद कार बिजली के खंभे से टकरा गई। पुलिस ने कार चला रहे झज्जर निवासी धर्मेंद्र (25) को गिरफ्तार कर कार से अवैध शराब के 42 कार्टन बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह बहादुरगढ़ से शराब खरीदकर पश्चिमी दिल्ली में सप्लाई करता है।
झुग्गी में चल रह रहा था जुए का अड्डा, 11 धरे
नई दिल्ली। इंद्रपुरी थाना पुलिस ने रतनपुरी झुग्गी में चल रहे जुए के अड्डे का खुलासा कर 11 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। यहां से 37 हजार रुपये, एक लैपटॉप, एक टीवी और दो बैनर बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए लोगों की पहचान रतनपुरी चौक निवासी फुरकान मलिक, गोपी, मुकेश कुमार, दीपक कुमार, भोला नाथ, नीलू देवीनाथ, दीपक, कालीचरण, सुरेश, मुन्ना कुमार और सुरेश कुमार के रूप में हुई है।
लापता युवक का शव झील में मिला
नई दिल्ली। सिविल लाइंस इलाके में शुक्रवार सुबह एक झील में महेश (37) का शव मिला है। वह दो दिन से घर से लापता था। पुलिस ने हत्या की आशंका से इंकार किया है। पुलिस के अनुसार, बुलवर्ड रोड इलाके में पत्नी और दो बच्चों के साथ रहने वाला महेश एमसीडी में अस्थायी सफाई कर्मचारी था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि महेश शराब पीने का आदी था। साथ ही उसे कई बीमारियां थीं, जिसकी वजह से वह तनाव में था। आशंका है कि तनाव में उसने झील में छलांग लगाकर खुदकुशी की है या फिर नशे की हालत में झील में गिरने से उसकी मौत हुई है।