झज्जर। पुलिस टीम द्वारा गश्त के दौरान चोरी के मामले में वांछित एक उद्घोषित आरोपी को काबू किया गया है। पकड़ा गया वांछित आरोपी पिछले काफी समय से पुलिस की गिरफ्त से बचते हुए फरार चल रहा था। विशेष अभियान के तहत सीआईए दो बहादुरगढ़ में तैनात मुख्य सिपाही राजेश कुमार की एक टीम थाना झज्जर के इलाके में मुस्तैदी के साथ गश्त पर तैनात थी। गस्त के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा शक के आधार पर एक व्यक्ति को काबू किया गया। पकड़े गए व्यक्ति की पूछताछ में पहचान जयबीर उर्फ गोपी पुत्र धर्मपाल निवासी गांव सिलानी जालिम जिला झज्जर के तौर पर की गई। जो झज्जर पुलिस का फरवरी 2015 में थाना झज्जर में दर्ज चोरी के मामले में वांछित उद्घोषित आरोपी था। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए थाना झज्जर में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत भेज दिया गया।